चंपावत: जयकारों से गूंजा पाटन पाटनी, भक्ति में डूबा मां झुमाधुरी धाम।

Share This Post

19वें महोत्सव का आगाज, 19 सितंबर को 7 हजार फीट ऊंचाई तक पहुंचेगा मां का रथ।

लोहाघाट। सुंदर पहाड़ों और सुरम्य वादियों के बीच पाटन पाटनी बुधवार को मां झुमाधुरी के जयकारों से गूंज उठा। पाटन पाटनी और रायकोट महर गांव में प्रसिद्ध मां झुमाधुरी के चार दिवसीय 19वें महोत्सव का भव्य शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने किया। महोत्सव के आगाज के साथ ही क्षेत्र में आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति का रंग छा गया।

शुभारंभ से पहले पाटन पाटनी, रायकोट कुंवर और रायकोट महर गांव की महिलाओं ने करीब एक किलोमीटर लंबी भव्य कलश यात्रा निकाली। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। मां झुमाधुरी के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पहाड़ की वादियां गूंजती रहीं। “झुमाधुरी माया तेरी जय-जयकार हो” के स्वर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनाते रहे।

महोत्सव में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं प्रेमनगर, पाटन और पाटन पाटनी गांव की महिलाओं ने सामूहिक झोड़ा गायन प्रस्तुत कर पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई। झोड़े के माध्यम से महिलाओं ने पूर्वजों की विरासत और पारंपरिक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का संदेश दिया।

उद्घाटन अवसर पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव समाज को एकजुट करने के साथ ही हमारी लोक परंपराओं और पूर्वजों की विरासत को जीवंत बनाए रखने का काम करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति से जुड़े लोगों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और आयोजन में हरसंभव सहयोग जारी रखने की बात कही।

बॉक्स_

19 सितंबर को दिखेगा रथ यात्रा का अनूठा नजारा।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 19 सितंबर को निकलने वाली मां झुमाधुरी की ऐतिहासिक रथ यात्रा होगी। आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार मां का रथ रस्सियों के सहारे करीब 7 हजार फीट की ऊंचाई तक ले जाया जाएगा। पहाड़ की ऊंचाइयों के बीच होने वाली यह अनूठी धार्मिक परंपरा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। रथ यात्रा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

महोत्सव को लेकर मां झुमाधुरी मंदिर के साथ तलहटी में स्थित पाल देवता मंदिर में भी रौनक बढ़ गई है। आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महोत्सव अध्यक्ष मोहन पाटी ने की, जबकि संचालन जगदीश पाटनी ने किया। ग्राम प्रधान नेहा विश्वकर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पप्पू बोरा, उमा कुंवर, प्रकाश चंद्र सहित आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने विधायक का स्वागत किया। इस दौरान भूपी चौबे, चांद मोहरा, प्रकाश मेहरा, डॉ. अमर सिंह कोटियाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

फोटो_मां झुमाधुरी महोत्सव में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी का स्वागत करते आयोजन समिति से जुड़े लोग।


Share This Post