चंपावत: पाटी बीडीसी बैठक में खुली सरकारी व्यवस्थाओं की पोल!

Share This Post

डॉक्टर-एएनएम की कमी, वायरल फीवर, जर्जर स्कूल और बदहाल सड़कों पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल

लोहाघाट। क्षेत्र पंचायत पाटी की बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी सामने आई। करीब दो घंटे चली बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली सबसे बड़ा मुद्दा रही। शिमला गूंटूर में वायरल फीवर के प्रकोप का मामला उठाया गया, जबकि कानीकोट की प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि दो एएनएम कागजों में तैनात हैं, लेकिन धरातल पर एक भी उपलब्ध नहीं है।

गुलदार और सांप के काटने से मवेशियों की मौत पर मुआवजा नहीं मिलने का मामला भी उठा। वहीं ग्रामीण विद्यालयों के जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण में देरी और शिक्षकों की कमी पर सवाल किए गए। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधानों ने सड़कों से झाड़ियों की कटाई और गड्ढामुक्त करने की मांग की। कजीना-पुनोली के प्रधान प्रकाश जोशी ने कहा कि झाड़ियों के कारण कई जगह सड़कें संकरी हो गई हैं। उरेडा और पर्यटन विभाग की अनुपस्थिति पर भी जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाए।

ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और सीडीओ अजय सिंह ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। बैठक में एपीडी विम्मी जोशी, बीडीओ जगदीश सिंह कार्की, डीडीओ दिनेश सिंह समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विधायक ने विम्मी जोशी के कार्यों को सराहा_

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने एपीडी विम्मी जोशी और विद्युत विभाग के अभियंता वीवी गहतौड़ी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को संगठित कर रोजगार से जोड़ने के कार्य को प्रेरणादायक बताया।

फोटो_ पाटी बीडीसी बैठक में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक व अधिकारियों से सवाल-जवाब करते ग्रामीण।


Share This Post