चंपावत: कानीकोट में 16 दिन से पेयजल संकट, सूखे पड़े नल।

Share This Post

एक स्रोत से आपूर्ति बहाल, दूसरे से रविवार तक पानी पहुंचाने का दावा।

पाटी/चंपावत। पाटी विकासखंड के कानीकोट क्षेत्र में पिछले 16 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण परेशान हैं। घरों में पानी नहीं पहुंचने के कारण ग्रामीण दूर-दराज के स्रोतों से पानी ढोकर जरूरतें पूरी कर रहे हैं। पेयजल संकट से पीने के पानी के साथ ही खाना बनाने और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पेयजल लाइन की जांच कर तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही स्थायी समाधान होने तक टैंकर अथवा अन्य वैकल्पिक व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि डुंगराकोट पेयजल योजना में आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीम जुटी हुई है। करीब 18 किलोमीटर लंबी योजना में 100, 80 और 65 एमएम व्यास की पाइपलाइनें हैं तथा दो जलस्रोतों से पानी की आपूर्ति होती है। एक जलस्रोत से आपूर्ति सुचारू कर दी गई है और शनिवार शाम टैंक से पनियां तथा कानीकोट क्षेत्र के लिए पानी छोड़ दिया गया। दूसरे जलस्रोत से भी आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। विभाग का प्रयास है कि रविवार तक दूसरे स्रोत से भी जलापूर्ति सुचारू कर दी जाए।

फोटो_पेयजल संकट से जूझते कानीकोट के ग्रामीण, पानी की आस में टकटकी लगाए ग्रामीण।


Share This Post