चंपावत: खेत में किसानों के साथ मडुवा काटते नजर आए डीएम मनीष कुमार।

Share This Post

चंपावत। शक्तिपुर बूंगा में बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार का किसानों के बीच अलग अंदाज देखने को मिला। डीएम ने खेत में पहुंचकर किसान महिलाओं के साथ मडुवे की क्रॉप कटिंग की। जिलाधिकारी को अपने बीच खेत में देखकर किसान महिलाएं उत्साहित नजर आईं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मडुवा और अन्य मोटे अनाजों से उनका पुराना लगाव है। पहाड़ों में इन अनाजों का सेवन करते हुए उन्होंने इनके स्वास्थ्य लाभ महसूस किए हैं। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम के बीच मडुवा किसानों के लिए महत्वपूर्ण फसल साबित हो सकता है। पौष्टिकता के कारण मिलेट्स की उपयोगिता भी लगातार बढ़ रही है।

डीएम ने कहा कि किसान एक दाने से अनेक दाने पैदा करने की कला जानता है। खेती से जुड़ी जरूरतों और समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है। कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। किसानों ने बताया कि खेतों में तारबाड़ लगने से जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा हुई है। इसका सीधा असर खेती के प्रति किसानों के बढ़ते रुझान के रूप में दिखाई दे रहा है।

मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने बताया कि इस वर्ष मडुवे का खरीद मूल्य 52.05 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है। सहकारी समितियों के माध्यम से खरीद की जा रही है। अधिक उत्पादन वाले क्षेत्रों में विभाग की टीम पहुंचकर किसानों से मडुवा खरीदेगी।
इस दौरान जिला भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. नारायण सिंह, फसल बीमा कंपनी प्रतिनिधि हिमांशु भट्ट, अपर कृषि सांख्यिकी अधिकारी दीपक पंत सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_ शक्तिपुर बूंगा में किसान महिलाओं के साथ मडुवे की क्रॉप कटिंग करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post