चंपावत: डाडाककनई से बदलेगी गांवों की तस्वीर, मुख्यमंत्री धामी ने समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का किया शुभारंभ।

Share This Post

नेस्ले इंडिया और BAIF के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, महिला सशक्तिकरण व जल संरक्षण पर होगा समग्र विकास

टनकपुर/चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टनकपुर क्षेत्र के डाडाककनई स्थित राजकीय इंटर कॉलेज से नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ (BAIF) संस्था के सहयोग से संचालित उत्तराखंड CSR-2026 समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम (एचवीडीपी) का वर्चुअल शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में समग्र विकास को गति देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी टनकपुर और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ग्राम स्तरीय आधारभूत ढांचे के विकास, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में व्यापक कार्य किए जाएंगे।
वर्चुअल संवाद के दौरान ग्राम ककनई के निवासी जगदीश मेहरा और पवन मेहरा ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं और सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने दोनों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
लगातार खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आयोजन में शामिल हुए और गांवों के विकास से जुड़ी इस पहल का स्वागत किया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह बोहरा, दीपा जोशी, मुकेश कलखुड़िया, ग्राम प्रधान डाडा, ग्राम विकास अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

फोटो_ आयोजित समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जबकि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण।


Share This Post