चंपावत: डिजिटल मॉनिटरिंग की दिशा में चंपावत का बड़ा कदम, एमआईएस व टैली प्रशिक्षण शुरू।

Share This Post

ग्रामोत्थान परियोजना के तहत 3 दिवसीय प्रशिक्षण, 38 प्रतिभागियों को दिया जा रहा तकनीकी ज्ञान

चंपावत। जनपद में डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत तीन दिवसीय एमआईएस (MIS) एवं टैली प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 23 से 25 अप्रैल तक विकास भवन सभागार में आयोजित किया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास निधि (आईफैड) एवं उत्तराखण्ड ग्राम्य विकास समिति (यूजीवीएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विकासखंड स्तर की टीमों एवं सीएलएफ (CLF) में कार्यरत लेखाकारों को प्रबंधन सूचना प्रणाली (MIS) की गहन समझ प्रदान करना और डिजिटल मॉनिटरिंग प्रक्रिया को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम में मुख्य संदर्भ व्यक्ति हर्षमणि नौटियाल तथा प्रशिक्षक सचिन चंखवान और नीरज पंत द्वारा प्रतिभागियों को एमआईएस के प्रभावी उपयोग, डेटा एंट्री, डेटा संकलन, रिपोर्टिंग और मॉनिटरिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यूजीवीएस-रीप पोर्टल पर ऑनलाइन डेटा भरने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया।
प्रथम दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक ममराज चौहान ने कहा कि परियोजना से जुड़ी सभी गतिविधियों का डेटा एमआईएस प्लेटफॉर्म पर लाने से कार्यों में पारदर्शिता और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित होगा। उन्होंने बताया कि इससे निगरानी प्रक्रिया आसान होगी और डेटा विश्लेषण के आधार पर प्रभावी निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक (संस्थाएं) प्रकाश पाठक, सेल्स मैनेजर अतुल सिरस्वाल, आजीविका समन्वयक सुमित कुमार, वित्त प्रबंधक हिमांशु मेहता सहित समस्त ब्लॉक स्टाफ एवं सीएलएफ लेखाकार भाग ले रहे हैं। कुल 38 प्रतिभागी इस प्रशिक्षण में शामिल हैं।


फोटो   – प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागी एवं प्रशिक्षक।


Share This Post