चंपावत: भक्ति की रंगत में डूबा चंपावत भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ गोल्ज्यू महोत्सव।

Share This Post

छोलिया नृत्य, वैदिक मंत्रोच्चार और जनआस्था का संगम, पहले ही दिन दिखी उत्साह की लहर; सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं।

चंपावत। आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक ‘गोल्ज्यू महोत्सव का आज भव्य शुभारम्भ हुआ। कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस महोत्सव ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। मंदिर में पूजा अर्चना आचार्य बसंत पांडे ने की तथा उन्होंने गालजू महराज की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, डीएम मनीष कुमार, आयोजन समिति की अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय को आशीर्वाद दिया। सुबह तड़के से ही भारी वर्षा के कारण महोत्सव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन घटकू देवता के मंदिर में पूजा अर्चना एवं दिया जलाने के बाद चटक धूप खिल गई। इसी के साथ लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
महोत्सव के पहले दिन गौरलचौड़ मैदान स्थित नगर पालिका कार्यालय से श्री गोल्ज्यू महाराज मंदिर तक निकाली गई कलश यात्रा में महिलाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर जब आगे बढ़ीं, तो हर ओर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कुमाऊं का प्रसिद्ध छोलिया नृत्य यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। श्री गोल्ज्यू महाराज मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव का विधिवत शुभारम्भ किया गया। पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
पहले इस कार्यक्रम का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उद्घाटन किया जाना था। लेकिन मौसम की खराबी के चलते वे यहां नहीं आ सके अलबत्ता उन्होंने भगवान गोल्ज्यू महाराज से प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जनपद की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका  के ईओ भरत त्रिपाठी ने बताया कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए महोत्सव के कार्यक्रमों में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है, ताकि आमजन की सुविधा सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर नगर पालिका की चेयरमैन प्रेमा पांडे ने आयोजक समिति की ओर से मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी समेत सभी अधिकारियों, नागरिकों, माताओं बहनों को भावपूर्ण स्वागत किया। उन्होंने कहा इस महोत्सव के माध्यम से जनपद में पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन के नए द्वार खुलेगे।
महोत्सव के शुभारम्भ अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, मुकेश महाराणा, हेमा जोशी, गोविंद सामंत, शंकर दत्त पांडे, मुकेश कलखुड़िया, निर्मल माहरा, सीडीओ डॉ जी एस खाती, एडीएम के एन गोस्वामी, एडीएम विपिन पंत सीएम कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल, हिमेश कलखुड़िया, विकास साह, सूरज प्रहरी, प्रेमा चिलकोटी, रोहित बिष्ट आदि प्रमुख लोग भी मौजूद थे।


फोटो – गोल्जू मंदिर में पूजा अर्चना कर सबकी समृद्धि की कामना करते जिलाधिकारी एवं पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं, ढोल-नगाड़ों और छोलिया नृत्य।


Share This Post