चंपावत: दूरस्थ नीड़ बूथ पहुंचे डीएम मनीष कुमार, मतदाता सूची की जांची हकीकत।

Share This Post

648 मतदाता पंजीकृत, 8 नए नाम जुड़े; सूची में गड़बड़ी मिलने पर बीएलओ से संपर्क की अपील

चंपावत। आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के बीच जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र चंपावत के दूरस्थ मतदेय स्थल संख्या-82, आंगनबाड़ी केंद्र नीड़ का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची का जायजा लेते हुए नए मतदाताओं के पंजीकरण और सत्यापन कार्य की जानकारी ली। साथ ही मतदान केंद्र पर उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ मीना पाण्डेय ने बताया कि बूथ पर कुल 648 मतदाता पंजीकृत हैं। फॉर्म-6 के माध्यम से आठ नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जबकि फॉर्म-8 के जरिए तीन मतदाताओं के नाम और पते से संबंधित विवरण में सुधार किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। उन्होंने सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन रखने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही विवरण के साथ दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम, पता सहित अन्य विवरण जांच लें। नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें।

मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने या नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा विवरण में सुधार या निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के वोटर्स सर्विस पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ संबंधित बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बीसी पंत, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, खंड विकास अधिकारी रमेश चन्द्र जोशी, ग्राम प्रधान निर्मला पाण्डेय, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

फोटो_ दूरस्थ नीड़ बूथ पर मतदाता सूची का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post