सुखीढांग क्षेत्र से पहली बार किसी युवा का NDA में चयन, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर; प्रथम प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता।
चंपावत। सीमांत जनपद चम्पावत के सुखीढांग क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत धूरा बयाला के होनहार युवा तरूण सिंह बोहरा ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तरूण अब भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर देश सेवा का सपना साकार करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे तल्ला पाल विलौन क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
तरूण सिंह बोहरा, सेवानिवृत्त शिक्षक रतन सिंह बोहरा और संगीता बोहरा के पुत्र हैं। उनके पिता रतन सिंह बोहरा ने बताया कि तरूण ने बचपन से ही भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में निरंतर मेहनत करते हुए आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
प्राथमिक शिक्षा हल्द्वानी से प्राप्त करने के बाद तरूण का चयन सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में कक्षा छह में हुआ था। यहीं से उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया। इसी वर्ष उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की और प्रथम प्रयास में ही NDA परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए।
विशेष बात यह है कि सुखीढांग क्षेत्र से पहली बार किसी युवा का चयन NDA में हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह है। तरूण वर्तमान में अपने परिवार के साथ हल्द्वानी-काठगोदाम में निवास करते हैं।
तरूण की इस उपलब्धि पर श्री ब्यानधुरा मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष पंडित शंकर जोशी आचार्य, ग्राम प्रधान सरस्वती राना, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुसुम बोहरा, महेंद्र सिंह राना, बहादुर सिंह बोहरा, नरेंद्र सिंह बोहरा, महेश चौड़ाकोटी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि तरूण की सफलता ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
फोटो – NDA में चयनित होकर भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का गौरव हासिल करने वाले धूरा बयाला के होनहार युवा तरूण सिंह बोहरा।
चंपावत: धूरा बयाला के तरूण ने रचा इतिहास, NDA में चयनित होकर बनेंगे एयर फोर्स फ्लाइंग ऑफिसर।
