

विज्ञान क्विज में मोहित और दीपांशु ने मारी बाजी।
चंपावत। राजकीय नर्सिंग कॉलेज में शनिवार को जिला स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 का आयोजन किया गया। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), देहरादून के तत्वावधान में आयोजित विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चक्रपाणि चतुर्वेदी ने की। गौरव पांडेय और जगदीश अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जिला समन्वयक नवीन पंत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रतियोगिता चार चरणों में संपन्न हुई, जिसका संचालन नवीन पंत, राकेश शर्मा और नीरज पांडेय ने किया। कार्यक्रम का संचालन नरेश जोशी ने किया।
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में ओपीएस लोहाघाट के मोहित पांडेय ने प्रथम, राइका धौंन की निशा बोहरा ने द्वितीय और राइका चंपावत की वंदिता पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में राइका पनिया के दीपांशु जोशी प्रथम, राइका बाराकोट के तेजस अधिकारी द्वितीय और राउमावि निलोटी के रोशन भट्ट तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन में सतीश गहतोड़ी, पूजा जोशी, बीएन उपाध्याय, ललित मोहन, दिनेश अधिकारी, कैलाश भट्ट, देवेश बिनवाल और दीपक चौराकोटी ने सहयोग दिया।
फोटो_विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग में शामिल अतिथि, आयोजक और प्रतिभागी छात्र-छात्राएं।




