

17 अक्टूबर को शासन ने जारी की अधिसूचना, 19 अक्टूबर सोमवार को रहेगा अवकाश
देहरादून/चंपावत। महानवमी के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने 19 अक्टूबर, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। शासन के इस फैसले के बाद सोमवार को प्रदेश के बैंक, कोषागार और उप कोषागार भी बंद रहेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से 17 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना में निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के तहत महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके लिए शासन ने वर्ष 2026 के सार्वजनिक अवकाश संबंधी पूर्व आदेश में संशोधन किया है।
शासन की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि सभी जिलाधिकारियों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेज दी गई है। वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अधिसूचना का समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के तहत 19 अक्टूबर को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश प्रभावी रहेगा।





