चंपावत: सीएम धामी ने चंपावत को दी 96 करोड़ की सौगात, सर्किट हाउस और नागार्जुन पार्क का लोकार्पण।

Share This Post

हर ग्राम सभा को 10 लाख, न्याय पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन

अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी की घोषणा।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत में विकासखंड की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने के साथ जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ता चैंबर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत का विकास आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान 95.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28.75 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती नागार्जुन पार्क का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम सभा को मिलने वाली 10 लाख रुपये की धनराशि से स्थानीय जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित जनहित के कार्य कराए जा सकेंगे। न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनने से स्थानीय लोगों को सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जनपद बनाना सरकार का संकल्प है। सड़क, परिवहन, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाकर स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करना है।

बॉक्स_

सड़कों से लेकर पार्किंग तक, कई परियोजनाओं का लोकार्पण

लोकार्पित योजनाओं में मोटर मार्गों का सुधारीकरण, सर्किट हाउस का विस्तारीकरण, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कार्यशाला एवं तकनीकी प्रयोगशाला, कलेक्ट्रेट भवन, दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क और टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 98 बेड का महिला छात्रावास शामिल है।
वहीं, नई योजनाओं में विभिन्न गांवों में चेनलिंक फेंसिंग, राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार कक्षा-कक्ष, छतार में कुमाऊंनी शैली का घंटाघर, देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम देचमार में मल्टीलेवल पार्किंग और विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य शामिल हैं।

अधिवक्ताओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं_

जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने अधिवक्ता चैंबर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा में उनकी अहम भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।

बच्चों को बांटी चॉकलेट, लोगों से जाना हाल_

नागार्जुन पार्क के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट वितरित कीं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने सप्तेश्वर-सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति और मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के आगमन पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पांडे, मुकेश महाराना और मनोज कालाकोटी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत,विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चंद्र पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, शंकर दत्त पांडे, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, गौरव पांडे, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी बीसी पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत में विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए।


Share This Post