चंपावत: निर्दलीय नारायण लाल बने पहले अध्यक्ष, दिग्गजों की पूरी फौज भी नहीं बचा सकी कमल की लाज।

Share This Post

पाटी में चला जनता का फैसला, भाजपा चारों खाने चित!

चंपावत, (पाटी)11 जून। नवगठित पाटी नगर पंचायत के पहले ही चुनाव में जनता ने बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए भाजपा को करारा झटका दिया है। निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 164 मतों से हराकर नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में नारायण लाल को 678 वोट, भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट और पार्वती देवी को 301 वोट मिले। मतगणना पूरी होते ही समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया। नारायण लाल के समर्थकों ने विजय जुलूस निकालकर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और जीत का उत्सव मनाया।
इस चुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। कई वरिष्ठ नेता और दर्जा प्राप्त मंत्री प्रचार में उतरे, लेकिन मतदाताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी पर भरोसा जताते हुए सत्ता पक्ष की रणनीति को ध्वस्त कर दिया। चुनाव से पहले जिस जनसमर्थन की चर्चा नारायण लाल के पक्ष में हो रही थी, वह नतीजों में साफ दिखाई दिया।
खास बात यह भी रही कि ‘इंडियन आइडल’ विजेता पवनदीप राजन के करीबी माने जाने वाले नारायण लाल को स्थानीय जनता का व्यापक समर्थन मिला। उनके पक्ष में बने माहौल ने बड़े राजनीतिक समीकरणों को पीछे छोड़ दिया और पाटी में निर्दलीय राजनीति की बड़ी जीत दर्ज हो गई।
पाटी नगर पंचायत का यह परिणाम अब जिले की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। राजनीतिक जानकार इसे वर्ष 2027 के चुनावों से पहले जनता के मूड का संकेत मान रहे हैं और इसे प्रमुख दलों के लिए आत्ममंथन का अवसर बता रहे हैं।

फोटो_ पाटी नगर पंचायत के प्रथम अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण लाल।


Share This Post