चुनावो को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वनिय बनाना हम सब की जिम्मेवारी, लापरवाही एवं किसी प्रकार की मनमानी नहीं क्षम्य – जिलाधिकारी।
चंपावत। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत उप प्रधान सामान्य निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने चुनावी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें निर्वाचन कार्य में अधिग्रहित किया है। निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक रेखा यादव को सौंपी गई है। उन्हें सुरक्षा व्यवस्था का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करेंगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया के समन्वय और संचालन की कमान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती को दी गई है। उन्हें उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) नियुक्त किया गया है, जो सभी निर्वाचन अधिकारियों के कार्यों की निगरानी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। मतदान दलों की आवाजाही और वाहनों की व्यवस्था के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया को यातायात नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं मतपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति एवं उपलब्धता की जिम्मेदारी जिला पंचायतराज अधिकारी महेश कुमार को सौंपी गई है।
चारों विकास खंडों—चंपावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट—के खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन गतिविधियों के संचालन, मतदान दलों के प्रशिक्षण तथा मतपेटियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। चुनाव संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और समन्वय के लिए जिला प्रबंधन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। उनका दायित्व मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतगणना परिणामों की रिपोर्ट पंचास्थानी चुनावालय तक समय पर पहुंचाना होगा। इसके अलावा निर्वाचन कार्य में लगे वाहनों के लिए निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट को ईंधन व्यवस्था का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने सभी नामित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करें, ताकि जनपद में पंचायत उप प्रधान सामान्य निर्वाचन-2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
फोटो_ जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत पंचायत चुनाव- निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर मतपत्र और कंट्रोल रूम तक अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय।
