निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, नामांकन से मतगणना तक पूरी तैयारी।
चंपावत। नगर पंचायत पाटी निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब तेज हो गई हैं। लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने चुनावी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार नगर पंचायत पाटी में अध्यक्ष पद के निर्वाचन की जिम्मेदारी जिला ग्राम्य विकास अभिकरण चम्पावत के परियोजना निदेशक अजय सिंह को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए लोक निर्माण विभाग लोहाघाट की सहायक अभियंता प्रियंका चौहान को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं सदस्य पद के चुनाव के लिए जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है, जबकि लघु सिंचाई उपखंड बाराकोट के सहायक अभियंता रविन्द्र कुमार सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में दायित्व निभाएंगे।
प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े केंद्रों का भी निर्धारण कर दिया है। अध्यक्ष पद के नामांकन उपजिलाधिकारी न्यायालय पाटी में कराए जाएंगे, जबकि सदस्य पद के नामांकन तहसीलदार न्यायालय पाटी में संपन्न होंगे। मतदान के बाद मतगणना विकासखंड सभागार पाटी में कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने नियुक्त सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
फोटो – नगर पंचायत की परिधि में कदम रखता जा रहा पाटी ब्लाक मुख्यालय।
चंपावत: पाटी नगर पंचायत चुनाव की सरगर्मियां तेज, निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती।

