चंपावत: पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं को राहत, काली मंदिर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बनी निर्बाध।

Share This Post

भीषण गर्मी और बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन अलर्ट, मूलभूत सुविधाओं पर लगातार नजर।


टनकपुर/चंपावत। विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरी धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और लगातार उमड़ रही भीड़ के बीच जिला प्रशासन मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाए रखने में जुटा हुआ है। भीषण गर्मी के बावजूद धाम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मेला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन तिवारी ने बताया कि इन दिनों धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए काली मंदिर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुबह एवं शाम दोनों समय पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय निवासियों, धर्मशाला संचालकों और श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पानी की टंकियों को नियमित रूप से भरा जा रहा है, जिससे पानी की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि माँ पूर्णागिरि धाम पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सहज, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। इसके लिए पेयजल व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी तत्काल सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। धाम क्षेत्र में पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को लगातार सक्रिय रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देना भी है, ताकि माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले भक्त बिना किसी असुविधा के अपनी आस्था के इस पावन सफर को पूरा कर सकें।

फोटो –  पूर्णागिरि धाम के ठुलीगाड़  क्षेत्र में विश्राम करते श्रद्धालु।


Share This Post