चंपावत: पुनेठी वन पंचायत में LIC ने रोपे पौधे, कूड़ा देख खुद संभाली सफाई की कमान।

Share This Post

70वें स्थापना सप्ताह के तहत हुआ वृक्षारोपण, शराब की बोतलें और कूड़ा मिलने पर जताई नाराजगी।

चंपावत। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) शाखा लोहाघाट की ओर से LIC के 70वें स्थापना सप्ताह के तहत शनिवार को पुनेठी वन पंचायत में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाखा प्रबंधक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में LIC के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वृक्षारोपण के बाद वन पंचायत के सुंदर प्राकृतिक स्थल पर जगह-जगह बिखरा कूड़ा और शराब की खाली बोतलें देखकर अधिकारियों-कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद केवल नाराजगी तक मामला सीमित नहीं रहा, बल्कि टीम ने तत्काल कट्टे और ग्लव्ज मंगवाकर स्वयं सफाई अभियान शुरू कर दिया। मौके से एकत्रित कूड़े को उठाने के लिए नगर पालिका चंपावत के अधिशासी अधिकारी से भी आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक कृष्ण कुमार के साथ हिमांशु नितवाल, करमवीर सिंह, लक्की तिवारी, हिमांशु जोशी, गौरव कश्यप, उमेश जोशी, प्रकाश सिंह, प्रदीप मेहरा समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। रेडक्रॉस के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, धर्मेश सक्टा, बृजेश जोशी तथा वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड हरीश जोशी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि चंपावत की प्राकृतिक सुंदरता और वन संपदा सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने युवा पीढ़ी से वन क्षेत्रों और प्राकृतिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा व शराब की बोतलें न फेंकने तथा पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की।
वृक्षारोपण के साथ LIC टीम ने यह संदेश भी दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति को स्वच्छ और सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है।

फोटो_पुनेठी वन पंचायत में पौधरोपण के साथ कूड़े का ढेर भी साफ करते LIC अधिकारी-कर्मचारी।


Share This Post