चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ रहा आस्था का सैलाब—गर्मी से राहत, ठंडी हवाओं में भक्तों का उत्साह दोगुना।

Share This Post

सुबह-शाम बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, नेपाल से भी लगातार आ रहे यात्री—प्रशासन ने कसी कमर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

टनकपुर (चंपावत)। प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले में इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के साथ ही मां पूर्णागिरि के दरबार में पहुंचकर श्रद्धालु आध्यात्मिक सुकून का अनुभव कर रहे हैं। पहाड़ों की ठंडी हवाएं यात्रियों को तन-मन से तरोताजा कर रही हैं।
हालांकि दिन के समय यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है, लेकिन सुबह और शाम के समय भारी भीड़ उमड़ रही है। नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं, जिससे मेले का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ भैरव मंदिर से काली मंदिर तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान धर्मशालाओं, पेयजल, स्वच्छता, दुकानों और पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, वहीं जगह-जगह भंडारे भी संचालित हो रहे हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।
प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए हर बिंदु पर नजर रखी जा रही है, जबकि पुलिस बल भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है।

फोटो  पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी व अन्य अधिकारी।


Share This Post