टनकपुर/चंपावत। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। बीते कुछ दिनों तक धीमी रही भीड़ अब तेजी से बढ़ने लगी है और मेला क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है। मां पूर्णागिरि के दरबार में आस्था की गूंज के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। जयकारों और घंटियों की गूंज के बीच श्रद्धालु मां के दर्शन कर अपने परिवार और देश की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
इस बार मेले में प्रशासन द्वारा की गई पुख्ता व्यवस्थाओं का असर साफ नजर आ रहा है। अब तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना सामने नहीं आई है, जिससे प्रशासन की तैयारियों पर मुहर लग रही है।
मेला क्षेत्र में मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है और व्यवस्था में लगे सभी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जा रहा है। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेले में पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों की तैनाती के चलते हर व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए आगे भी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
फोटो – मां पूर्णागिरि मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें और भक्तिमय माहौल में गूंजते जयकारे।
चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ी आस्था की लहर, सुबह से शाम तक छाई रौनक — प्रशासन की सख्ती से व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
