चंपावत: “नारी शक्ति बंधन विधेयक पर विपक्ष ने डाला पानी, इतिहास नहीं करेगा माफ”।

Share This Post

चंपावत में सांसद अजय भट्ट का तीखा बयान—महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।


चंपावत। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने नारी शक्ति बंधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को संवैधानिक रूप से सशक्त और मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही थी, लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और टीएमसी जैसे दलों ने इसमें बाधा डालकर महिलाओं के सम्मान के साथ अन्याय किया है।
उन्होंने कहा कि भारत में नारी को देवी के रूप में पूजा जाता है और परिवार से लेकर समाज, राज्य व देश की खुशहाली में महिलाओं की अहम भूमिका होती है। ऐसे में जब उन्हें और अधिक अधिकार और भागीदारी देने की पहल की गई, तो विपक्ष का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि महिलाओं का अपमान करने वाले दलों को जनता हर चुनाव में करारा जवाब देगी।
सांसद भट्ट ने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं के मान-सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर संवेदनशील रही है। नारी शक्ति बंधन विधेयक के माध्यम से महिलाओं को देश के विकास में बराबरी की भागीदारी देने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष के “महिला विरोधी रवैये” के कारण यह प्रयास बाधित हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी। इससे पूर्व उनके जिला कार्यालय पहुंचने पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, मुकेश महराना, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, पूरन  मेहरा, सतीश चंद्र पांडे, मोहन पांडे, बलवंत गिरी, सूरज कुमार, राजेन्द्र गडकोटी, सचिन जोशी सहित कई कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

फोटो – भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते सांसद अजय भट्ट।


Share This Post