लोहाघाट। फिट इंडिया अभियान के तहत प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम के अंतर्गत आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी के जवानों ने साइकिल रैली निकालकर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ कमांडेंट संजय कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी तय करने के लिए अधिक से अधिक साइकिल एवं अन्य प्राकृतिक साधनों का उपयोग करें तथा आवश्यकता होने पर ही मोटर वाहनों का प्रयोग करें।
साइकिल रैली के माध्यम से जवानों ने आमजन को फिट रहने, प्रदूषण कम करने और ईंधन की बचत के प्रति जागरूक किया। कमांडेंट ने कहा कि जितना अधिक व्यक्ति प्रकृति के साथ आत्मसात होगा, उतना ही वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेगा।
कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट गौरव कुमार, अनिल कुमार, डॉ. शेरा खान, एस एम दिनेश बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
फोटो आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी में फिट इंडिया अभियान के तहत साइकिल रैली का शुभारंभ करते कमांडेंट संजय कुमार।
चंपावत: फिट इंडिया का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे आईटीबीपी जवान, साइकिल रैली से दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

