

लोहाघाट। ग्रामोत्थान परियोजना एवं एनआरएलएम के सहयोग और मार्गदर्शन में विकास महिला संकुल संघ लोहाघाट (स्वायत्त सहकारिता) की तृतीय वार्षिक आमसभा मंगलवार को ब्लॉक सभागार में निवर्तमान अध्यक्ष भावना मनराल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आमसभा में 195 शेयरधारकों एवं समूह सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
अध्यक्ष भावना मनराल ने सहकारिता की वार्षिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी साझा की। आमसभा एवं संचालक मंडल के निर्णय के बाद एक निष्क्रिय संचालक के स्थान पर नए निदेशक का चयन किया गया। 11 सदस्यीय निदेशक मंडल में भावना मनराल को अध्यक्ष, मुन्नी खर्कवाल को कोषाध्यक्ष तथा गीता विश्वकर्मा को सचिव चुना गया।
सहकारिता ने इस वर्ष व्यवसाय एवं बैंक ब्याज से 1,17,500 रुपये का लाभ अर्जित किया, जिसमें से 80 प्रतिशत राशि शेयरधारकों को लाभांश के रूप में वितरित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सदस्यों को कुल 92,480 रुपये का लाभांश बांटा गया।
समूह प्रोत्साहक मंजू देवी ने नवनिर्वाचित निदेशक मंडल को पद की शपथ दिलाई। ग्रामोत्थान के जिला प्रबंधक ममराज चौहान ने कहा कि आगामी वर्ष व्यवसाय योजना के अनुरूप कारोबार और लाभांश बढ़ाने के लिए संचालकों एवं स्टाफ को गंभीरता से प्रयास करने होंगे।
सहायक प्रबंधक संस्थाएं प्रकाश चंद्र पाठक ने सहकारिता अधिनियम के तहत निदेशकों के चयन एवं चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। ब्लॉक मिशन मैनेजर मुशीर अहमद ने ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए व्यावसायिक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। सहायक प्रबंधक सचिन चंखवान ने रीप के तहत अल्ट्रा पुअर, सामूहिक एवं व्यक्तिगत उद्यम योजनाओं की जानकारी दी।
फोटो_विकास महिला संकुल संघ की वार्षिक आमसभा में नवनिर्वाचित संचालक मंडल को पद की शपथ दिलाते हुए।




