चंपावत: महंगाई-बेरोजगारी पर कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला!

Share This Post

चंपावत।  कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चंपावत को मुख्यमंत्री का आदर्श जिला बताया जाता है तो यहां के युवाओं के लिए स्थानीय रोजगार का ठोस मॉडल कहां है।

फर्त्याल ने कहा कि केंद्र में 2014 और उत्तराखंड में 2017 में सत्ता में आने से पहले भाजपा ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के वादे किए थे, लेकिन उनके अनुसार आज यही मुद्दे आम आदमी की सबसे बड़ी परेशानी बने हैं। महंगाई से रसोई का बजट बिगड़ गया है।
बेरोजगारी पर उन्होंने आरोप लगाया कि चंपावत में ऐसा प्रभावी रोजगार तंत्र नहीं बनाया गया, जिससे युवाओं को अपने ही जिले में स्थायी रोजगार मिल सके। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है तो आदर्श जिले का दावा कितना सार्थक है।

सड़कों की स्थिति पर उन्होंने जिला अस्पताल से छतार पुल और लोहाघाट में रिकेश्वर पुल से पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड तक की सड़क का हवाला देते हुए कहा कि हालात ऐसे हैं कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, समझना मुश्किल है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर फर्त्याल ने जिला अस्पताल में मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए 800 रुपये मांगे जाने के कथित मामले का जिक्र करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी जानकारी उन्हें मीडिया रिपोर्टों से मिली है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहाड़ का किसान अपनी सब्जियां कम कीमत पर बेचता है, जबकि बाजार में वही उत्पाद कई गुना महंगा पहुंचता है। उन्होंने स्थानीय बाजार और प्रभावी मूल्य व्यवस्था की मांग की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने महिलाओं की मांगों का स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप लगाया।

फर्त्याल ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो रोजगार, महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी। प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों पर सरकार और संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फोटो_प्रेस वार्ता के दौरान सरकार पर तीखा हमला करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल।


Share This Post