लोहाघाट। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष एवं चिकित्सा विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से संचालित “योग करो, रहो निरोग” तथा “हर घर योग, हर घर प्राणायाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को ऐतिहासिक मायावती आश्रम में विशेष योग एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
घने देवदार वनों, हिमालय के विहंगम दृश्यों और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर मायावती आश्रम में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित साधकों ने योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का संदेश ग्रहण किया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह ने आश्रमाध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद महाराज जी सहित अन्य संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। योग प्रशिक्षक विजया जोशी तथा योग अनुदेशक लिला जोशी एवं सोनिया आर्या एवं विजय देउपा ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी महत्वपूर्ण क्रियाओं का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में उपस्थित साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। मायावती आश्रम के शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वामी विवेकानंद के “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” के संदेश को भी जीवंत कर दिया।
फोटो_ मायावती आश्रम की शांत वादियों में योग एवं प्राणायाम करते साधक।
चंपावत: मायावती आश्रम की शांत वादियों में गूंजा योग का संदेश, साधकों ने किया प्राणायाम।

