

18 अक्टूबर को चंपावत में प्रस्तावित कार्यक्रम, लोकार्पण-शिलान्यास के साथ नशामुक्ति दौड़ भी होगी
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 18 अक्टूबर को प्रस्तावित चंपावत भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सर्किट हाउस और रजत जयंती पार्क (नागार्जुन पार्क) का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान जिले में पूर्ण हो चुके विभिन्न जनहितकारी कार्यों का लोकार्पण और विकास योजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। इसके अलावा स्थानीय नागरिकों और विभिन्न समूहों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है, ताकि क्षेत्र की समस्याओं, मांगों और अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जा सके।
कार्यक्रम के तहत खेल विभाग के तत्वावधान में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत विशेष दौड़ आयोजित करने का प्रस्ताव है। साथ ही कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनसुविधाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाना भी प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी की जाएं, जिससे आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें और जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, एसडीएम बिपिन चंद्र पंत, एपीडी विम्मी जोशी, ईओ भरत त्रिपाठी, लोनिवि के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_मुख्यमंत्री के प्रस्तावित चंपावत दौरे की तैयारियों का जायजा लेते जिलाधिकारी मनीष कुमार।




