

मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली मंजूरी, युवाओं और खिलाड़ियों को जिले में ही मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण
चंपावत। जिले में आधुनिक शूटिंग रेंज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में शासन ने शूटिंग रेंज समेत अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण के लिए 951.91 लाख रुपये (करीब 9.52 करोड़) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इससे जिले की खेल अवस्थापना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत धनराशि में 849.71 लाख रुपये निर्माण कार्य तथा 102.20 लाख रुपये अन्य अनुमन्य मदों के लिए रखे गए हैं। परियोजना के लिए 40 प्रतिशत के रूप में 380.764 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें पूर्व में अवमुक्त 198.60 लाख रुपये का समायोजन करते हुए 182.164 लाख रुपये की शेष धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी गई है।
शूटिंग रेंज बनने के बाद जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाएं मिलने से युवा निशानेबाज अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे और राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिले में खेल अवस्थापना को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। आधुनिक खेल सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
शासन ने कार्यदायी संस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन एवं निर्माण विकास निगम की खेल इकाई, देहरादून को निविदा समेत सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तृतीय पक्ष गुणवत्ता परीक्षण और नियमित अनुश्रवण के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन की निर्धारित शर्तों और मानकों का पालन करते हुए परियोजना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाने को कहा है। शूटिंग रेंज के साथ अन्य खेल सुविधाएं विकसित होने से चम्पावत में खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलने की उम्मीद है।
फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।




