चंपावत में स्वास्थ्य क्रांति: अब एमआरआई से लेकर 50 बेड क्रिटिकल केयर तक हल्द्वानी जाने की मजबूरी होगी खत्म।

Share This Post

5 करोड़ की एमआरआई मशीन, 20 करोड़ से अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा।

चंपावत। जिले के लोगों के लिए वह दिन अब दूर नहीं जब उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मॉडल जिला परिकल्पना अब धरातल पर उतरती दिख रही है, जिससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की तस्वीर तेजी से बदल रही है। जिला चिकित्सालय में पहले ही सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से मरीजों का बाहर जाना काफी हद तक कम हुआ है। अब एक और बड़ी सौगात के रूप में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है। यह तकनीक बिना किसी चीर-फाड़ और हानिकारक रेडिएशन के शरीर के अंदरूनी हिस्सों की सटीक जांच करने में सक्षम है, जिसे चिकित्सा जगत में गोल्ड स्टैंडर्ड माना जाता है।
इसके साथ ही 20 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इस ब्लॉक में 50 बेड, आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड, ब्लड बैंक सहित तमाम जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके संचालन के लिए 9 विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 145 पैरामेडिकल और अन्य स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार की लगातार मॉनिटरिंग और निरीक्षण के चलते यह परियोजना युद्ध स्तर पर आगे बढ़ रही है। वहीं सीएमओ डॉ. देवेश चौहान के प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी आई है। मुख्यमंत्री स्तर पर भी इस परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे साफ है कि सरकार चंपावत को स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में एक मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने के लिए गंभीर है।

बॉक्स_


लधियाघाटी तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा।


सरकार अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में लधियाघाटी  क्षेत्र में भी जल्द ही एक्स-रे मशीन और जरूरी स्टाफ की तैनाती की जाएगी। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान द्वारा क्षेत्र का दौरा कर आवश्यकताओं का आकलन किया जा चुका है। सुविधाएं शुरू होने के बाद ग्रामीणों को इलाज के लिए लोहाघाट या चंपावत आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कुल मिलाकर, चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं का यह विस्तार जिले के लोगों के लिए किसी बड़े बदलाव से कम नहीं है अब इलाज के लिए भटकना नहीं, बल्कि अपने जिले में ही भरोसेमंद और आधुनिक चिकित्सा मिलेगी।


फोटो – जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार साथ में सीएमओ डॉ देवेश चौहान।


Share This Post