हल्की बारिश से मौसम सुहावना, ठुलीगाड़ रैन बसेरा बना सहारा; भंडारों से मिल रही बड़ी राहत।
टनकपुर। इन दिनों श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ रहा है। शनिवार को हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई, जिससे तीर्थ यात्रियों को काफी राहत मिली और उन्होंने चैन की सांस ली। मंदिर के बेस कैंप ठुलीगाड़ में बनाए गए रैन बसेरे तीर्थ यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहे हैं। यहां दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु आराम कर पा रहे हैं। साथ ही विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं और धर्मार्थ संगठनों द्वारा भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को भोजन की भी पर्याप्त व्यवस्था मिल रही है।
मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी लगातार सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। उनके निर्देशन में सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई और यातायात जैसी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हो रही हैं। प्रशासन के अनुसार शनिवार को लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। अधिकतर तीर्थ यात्री रेल मार्ग से टनकपुर पहुंच रहे हैं, और शाम ढलने के बाद उनकी संख्या में और बढ़ोतरी देखी जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारू बनी हुई हैं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर पा रहे हैं।
फोटो – पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतार में इंतजार करते श्रद्धालु। रैन बसेरे में विश्राम करते तीर्थ यात्री।
चंपावत: टनकपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब: पूर्णागिरि मेले में 25 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।
