चंपावत में हड्डी रोगियों को बड़ी राहत, सप्ताह में तीन दिन जिला अस्पताल में सेवाएं देंगे डॉ. आर.के. गांधी।

Share This Post

डॉ. धनंजय पाठक के अवकाश के दौरान प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था, मरीजों को नहीं होगी परेशानी

चंपावत। जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले हड्डी रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। जिला चिकित्सालय में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक के अवकाश पर रहने के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. गांधी अब प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को जिला चिकित्सालय चंपावत में अपनी सेवाएं देंगे। इससे हड्डी और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को समय पर विशेषज्ञ परामर्श और उपचार मिल सकेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि डॉ. गांधी शेष दिनों में अपने मूल तैनाती स्थल उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में नियमित रूप से मरीजों का उपचार करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से डॉ. धनंजय पाठक के अवकाश के दौरान भी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी और मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

फोटो_ जिला अस्पताल में सप्ताह में तीन दिन सेवाएं देने वाले हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. गांधी।


Share This Post