चंपावत: लंबित आवेदनों पर पालिका सख्त, स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर मिलेगा पीएम स्वनिधि का लाभ।

Share This Post

अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने बैंक प्रतिनिधियों को दिए निर्देश, ऋण स्वीकृति और वितरण में देरी न करने को कहा

चंपावत। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र रेहड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर लाभ दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद चंपावत ने कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को लोक कल्याण मेले के तहत नगर पालिका सभागार में अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण और ऋण स्वीकृति एवं वितरण को लेकर बैंक प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के साथ चर्चा की गई।

अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने योजना की विभागवार और बैंकवार प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने संशोधित लक्ष्य और उसके सापेक्ष वर्तमान प्रगति का विवरण भी प्रस्तुत किया।

अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने संबंधित विभागों और बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऋण आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विभाग और बैंक आपसी समन्वय से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ उन्हें ‘स्वनिधि से समृद्धि’ के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है। योजना का प्रभावी क्रियान्वयन छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में मौजूद बैंक प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने तथा योजना के सफल क्रियान्वयन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में एसीएमओ डॉ. बलबीर सिंह, आनन्द प्रकाश, नवीन चन्द्र जोशी, अभिषेक पाण्डेय, राजन कुमार, दीवाकर प्रसाद, सौरभ जोशी, अखिलेश चन्द्रा, प्रमोद कुमार, हिमांशु निव्वाल, गौरव गोस्वामी, रोशन पाण्डेय, विकास गिरी, सपना पुनेठा, रेनु, विमला जोशी, प्रभा गोस्वामी और पंकज बिष्ट सहित विभिन्न बैंकों, स्वास्थ्य, बाल विकास, श्रम विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_नगर पालिका सभागार में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक में बैंक प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ चर्चा करतीं पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय।


Share This Post