चंपावत/टनकपुर। शारदा नदी में डूबे दो युवकों की तलाश के लिए चलाया जा रहा सर्च अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दलों ने अभियान को और तेज कर दिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन का जायजा लेकर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 22 जून को टनकपुर क्षेत्र में शारदा नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना मिलने के बाद से ही पुलिस, एसडीआरएफ और पीएसी की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है। नदी के विभिन्न हिस्सों में गोताखोरों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर पहुंची एसपी रेखा यादव ने बूम चौकी पुलिस, टुलीगाड़ पुलिस, एसडीआरएफ एवं पीएसी की गोताखोर टीमों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नदी के संभावित क्षेत्रों में गहन सर्च अभियान चलाने और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि दोनों युवकों की शीघ्र बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्तमान में पुलिस और राहत-बचाव दल शारदा नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए हैं।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नदी, नहरों और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दें।
फोटो_ शारदा नदी में डूबे दो युवकों की तलाश में जुटी पुलिस, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों को दिशा-निर्देश देतीं पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव।
चंपावत: शारदा नदी में लापता युवकों की तलाश तीसरे दिन भी जारी, एसपी खुद उतरीं मैदान में।
