चंपावत: शिक्षकों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया ज्ञापन, स्थानांतरण व पदोन्नति प्रक्रिया जल्द शुरू करने की उठी मांग।

Share This Post

देवीधुरा स्थित माँ वाराही धाम पहुंचे मुख्यमंत्री के समक्ष शिक्षकों ने रखीं लंबित मांगें, पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा भी उठाया।


चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के माँ वाराही धाम, देवीधुरा पहुंचने पर राजकीय शिक्षक संघ जनपद चंपावत के संयुक्त मंत्री नरेन्द्र नाथ गोस्वामी के नेतृत्व में राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा के शिक्षकों ने विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
पार्टी कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री के समक्ष शिक्षकों ने वर्षों से लंबित शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया को पुनः प्रारम्भ करने की मांग प्रमुखता से उठाई। शिक्षकों का कहना था कि लंबे समय से स्थानांतरण न होने के कारण अनेक शिक्षक लगातार दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अनुरोध एवं अनिवार्य श्रेणी दोनों में स्थानांतरण प्रक्रिया संचालित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे सुगम और दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों का संतुलित रोटेशन संभव हो सकेगा और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता भी बनी रहेगी।
ज्ञापन में वर्ष 2018 से लंबित एलटी से प्रवक्ता तथा एलटी/प्रवक्ता से प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने की मांग भी रखी गई। साथ ही शिक्षकों ने राज्य में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाते हुए कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक आश्वासन दिया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक ठाकुर सिंह बिष्ट, मनोज कुमार, डॉ. विपिन चंद जोशी, कुंदन राम, संजय सोराड़ी, योगेश जोशी, रेखा विश्वकर्मा, शकुन्तला बोहरा, नीलम जोशी, पंकज मोहन भट्ट, कमला गहतोड़ी, दिनेश मेहता, भैरव नाथ महंत तथा लीला अटवाल सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Share This Post