46 में से 38 खिलाड़ी फाइनल चयन के लिए चयनित, बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट हेतु 28 बालिकाओं ने बनाई जगह।
लोहाघाट। जनपद चंपावत के छमनिया स्थित लोहाघाट स्टेडियम में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में कक्षा-6 प्रवेश के लिए प्रारंभिक चयन ट्रायल्स आयोजित किए गए। ट्रायल्स में जिले के उदीयमान खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीनों स्पोर्ट्स कॉलेजों के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में कुल 46 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 38 खिलाड़ियों का चयन अंतिम ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी अब संबंधित स्पोर्ट्स कॉलेजों में निर्धारित तिथियों पर खेलवार अंतिम चयन ट्रायल देंगे।
विभिन्न खेल विधाओं में चयन की स्थिति भी उत्साहजनक रही। एथलेटिक्स में 25 में से 22 खिलाड़ी चयनित हुए, जबकि बैडमिंटन में सभी 10 प्रतिभागियों ने अंतिम चरण में जगह बनाई। बॉक्सिंग में 2 में से 1, क्रिकेट में 6 में से 2, फुटबॉल में 2 में से 2 तथा वॉलीबॉल में 1 खिलाड़ी का चयन किया गया।
बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट के लिए आयोजित प्रथम चरण ट्रायल में कुल 30 बालिकाओं ने भाग लिया, जिनमें से 28 बालिकाओं ने फाइनल ट्रायल के लिए जगह बनाई। चयनित बालिकाएं आगामी 20 और 21 जून 2026 को छमनिया स्टेडियम में आयोजित अंतिम चयन परीक्षा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट ने बताया कि यदि कोई प्रतिभावान बालिका खिलाड़ी किसी अपरिहार्य कारणवश प्रारंभिक ट्रायल में शामिल नहीं हो सकी है, तो वह जिला क्रीड़ा अधिकारी की संस्तुति के साथ मुख्य चयन परीक्षा से दो दिन पूर्व चयन समिति के समक्ष ट्रायल देकर अंतिम अवसर प्राप्त कर सकती है।
उन्होंने बताया कि सभी औपचारिकताओं और चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद योग्य खिलाड़ियों को संबंधित स्पोर्ट्स कॉलेजों में अंतिम प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि स्पोर्ट्स कॉलेजों के लिए प्रारंभिक चयन प्रक्रिया का आयोजन शुक्रवार को टनकपुर में भी किया जाएगा।
प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, प्रदीप कौशल, पुष्कर सिंह सहित विभिन्न प्रशिक्षक और कोच मौजूद रहे।
फोटो लोहाघाट के छमनिया स्टेडियम में आयोजित स्पोर्ट्स कॉलेज चयन ट्रायल में प्रतिभा का प्रदर्शन करते खिलाड़ी एवं मौजूद अधिकारी।
चंपावत: स्पोर्ट्स कॉलेजों के ट्रायल में खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिभा।

