चंपावत: हरेला पर सेवा संकल्प फाउंडेशन का हरित संकल्प, 1200 पौधों का निःशुल्क वितरण।

Share This Post

टनकपुर। हरेला पर्व के अवसर पर सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा खेल मैदान, भूमिया मंदिर के निकट आमबाग–छीनीगोठ में वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के करीब 1200 फलदार एवं छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
फाउंडेशन के सदस्यों एवं अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान आम, लीची, अमरूद, नींबू, कटहल, जामुन, आँवला और अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लोगों को वितरित किए गए। आयोजकों ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन बन सकता है।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, ग्राम प्रधान राधिका चंद, ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर एवं कमलेश भट्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, सरोज चंद, किरण देवी, मनोज कालाकोटी, दीपक पचोली, भैरव दत्त जोशी, कुमुद जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सेवा संकल्प फाउंडेशन ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए “एक व्यक्ति–एक पौधा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और हरित एवं समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


Share This Post