चंपावत: पूर्णागिरि धाम की राह अब होगी रोशन, 8.10 करोड़ की स्ट्रीट लाइट परियोजना शुरू।

Share This Post

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा पर तेज अमल, ककराली गेट से मंदिर तक 20 किमी मार्ग होगा एलईडी रोशनी से जगमग; अक्टूबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम के यात्रा मार्ग को सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुवार को ककराली गेट से मां पूर्णागिरि मंदिर तक 20 किलोमीटर लंबे स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट का विधिवत शुभारंभ हो गया। लगभग 8.10 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से अब लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा रात के समय भी सुरक्षित और सुगम होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन तथा यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी के निर्देशों के अनुपालन में शुरू हुई इस परियोजना के तहत पूरे यात्रा मार्ग पर आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। कार्य में तेजी लाने के लिए 2 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है।
परियोजना की सबसे अहम विशेषता यह है कि मंदिर तक के अंतिम तीन किलोमीटर के दुर्गम पैदल मार्ग पर भूमिगत केबल के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इससे खुले बिजली के तारों से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त होगी और वन क्षेत्र के पर्यावरण व वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
श्रावण मास, चैत्र नवरात्र और पूर्णागिरि मेले के दौरान देर रात और तड़के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अब अंधेरे में सफर नहीं करना पड़ेगा। पूरी यात्रा मार्ग के रोशन होने से सुरक्षा बढ़ेगी और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। शुभारंभ अवसर पर यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता डी.के. जोशी, अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया, एसडीओ एम.एस. बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेंद्र प्रसाद सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


Share This Post