चंपावत: हरेला पर हरियाली का संकल्प- पुनेठी में हुआ वृहद पौधरोपण, चंपावत में 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य।

Share This Post

चंपावत। हरेला महोत्सव-2026 के अवसर पर वन पंचायत पुनेठी में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय समेत अनेक लोगों ने पौधरोपण कर हरित उत्तराखण्ड के निर्माण का संदेश दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए जनसहभागिता को पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी ताकत बताया।
दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि हरेला केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और धरती के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के आधार हैं तथा सभी को पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रदेश में हरेला महोत्सव के तहत 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें कुमाऊं मंडल में 5.5 लाख तथा गढ़वाल मंडल में 4.5 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत जनपद में इस वर्ष लगभग 70 हजार पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत बांज, पांगर, पदम, उतीश सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान की सफलता तभी सार्थक होगी, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण कर उन्हें वृक्ष बनाया जाएगा। हरेला पर्व उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय परंपरा का प्रतीक है, जो प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत सुरक्षित रखने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

फोटो_हरेला महोत्सव के अवसर पर वन पंचायत पुनेठी में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते जिलाधिकारी साथ में जनप्रतिनिधि।


Share This Post