पासपोर्ट के लिए अब नहीं काटने होंगे चक्कर, चंपावत में पहुंची मोबाइल वैन।

Share This Post

कलेक्ट्रेट में दो दिन कैंप, 29 अक्टूबर को टनकपुर में मिलेगी सुविधा।

चंपावत। पासपोर्ट बनवाने के लिए अब दूसरे शहरों की दौड़ लगाने की जरूरत नहीं। जिले के लोगों को घर के नजदीक पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने विशेष मोबाइल वैन कैंप की व्यवस्था की है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिलेवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए इसे सुनहरा अवसर बताया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप आयोजित किया गया। बुधवार को भी यहां कैंप लगाया जाएगा। इसके बाद 29 अक्टूबर को तहसील पूर्णागिरी (टनकपुर) में मोबाइल वैन के माध्यम से पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, देहरादून के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस विशेष कैंप का उद्देश्य पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाना और नागरिकों को जिले में ही सुविधा उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर कैंप में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं, ताकि पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों की दौड़ न लगानी पड़े।

फोटो_ चंपावत कलेक्ट्रेट परिसर में पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप में सेवाओं का लाभ लेते नागरिक।


Share This Post