‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ में युवा दिखाएंगे विकास का विजन, चंपावत के छात्र भी लें भाग।

Share This Post

24 अगस्त तक ऑनलाइन भेजी जा सकेंगी प्रविष्टियां, 150 श्रेष्ठ सुझावों पर मुख्यमंत्री करेंगे विद्यार्थियों से संवाद।

चंपावत। उत्तराखंड के भविष्य को नई पीढ़ी के विचारों से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ शुरू की गई है। इसके तहत चम्पावत जिले के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। विद्यार्थी ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर निबंध के माध्यम से अपने विचार और सुझाव साझा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रदेशभर के 2,800 से अधिक विद्यालयों के करीब तीन लाख विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से इसमें प्रतिभाग करेंगे। पहल का उद्देश्य युवाओं को उत्तराखंड के भविष्य की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनाना है।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थी हिंदी अथवा अंग्रेजी में अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। इसमें पर्यटन एवं रोजगार, वन एवं पर्यावरण, आधुनिक शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, सड़क एवं कनेक्टिविटी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा तकनीकी विकास सहित राज्य के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर सुझाव दिए जा सकेंगे। विद्यार्थी अपने विद्यालय के माध्यम से www.cmvidhyarthimanthan.com पोर्टल पर प्रविष्टि अपलोड कर सकते हैं। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। प्राप्त प्रविष्टियों में से विशेषज्ञों की टीम करीब 150 श्रेष्ठ सुझावों का चयन करेगी। चयनित विद्यार्थियों को 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ आमने-सामने संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के विचारों और सुझावों पर मंथन करेंगे। संबंधित विभागों के सचिव भी संवाद में मौजूद रहेंगे, ताकि उपयोगी सुझावों को नीति निर्माण और विकास योजनाओं में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चंपावत जिले के सभी कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से इस पहल में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इसे महज प्रतियोगिता न समझें, बल्कि अपने सपनों के उत्तराखंड की तस्वीर सामने रखने के अवसर के रूप में लें। युवाओं के सुझाव प्रदेश में पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, तकनीक और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।


Share This Post