
रुड़की/पिरान कलियर, 23जून। पिरान कलियर में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में बेकाबू हुई स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गई, जिससे एक बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि चालक वाहन मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश नंबर की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से कलियर क्षेत्र से गुजर रही थी।
जैसे ही वाहन भीड़भाड़ वाले हिस्से में पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े लोगों तथा एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारते हुए लोगों के बीच जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोग कई दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक मासूम बच्ची भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया गया है। वहीं फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम नहीं लगने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की कार्यवाही जारी है।
