कैंची धाम के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत; चार घायल!

Share This Post

बरेली के पांच लोग थे सवार, SDRF ने रात में चलाया रेस्क्यू अभियान, घायलों को भवाली अस्पताल पहुंचाया।

नैनीताल। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार में बरेली (उत्तर प्रदेश) के पांच लोग सवार थे।

आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से सूचना मिलने के बाद SDRF की खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गहरी खाई और दुर्गम परिस्थितियों के बीच जवानों ने कड़ी मशक्कत कर चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।



घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले कार चालक अनुज तिवारी (29) पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली का शव खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।

हादसे में घायल सनी (23), रवि, संचित और संदीप शर्मा सभी बरेली के निवासी हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर यूपी 25 ईजे 4586 बताया गया है।

रात के अंधेरे में खाई में उतरी SDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों की जान बचाई।

क्लिप/फोटो_कैंची धाम के पास खाई में गिरी कार से घायलों का रेस्क्यू करती SDRF की टीम।


Share This Post