चंपावत: वायु सेना में जाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए मौका, 16 नवंबर से टनकपुर पहुंचेगी चयन केंद्र की टीम।

Share This Post

स्कूल-कॉलेजों में चलेगा विशेष अभियान, अग्निपथ वायु भर्ती की जानकारी देकर युवाओं को किया जाएगा प्रेरित।

टनकपुर। भारतीय वायु सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वायुसैनिक चयन केंद्र, नई दिल्ली की टीम 16 से 20 नवंबर तक टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाएगी। इस दौरान टीम विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों को अग्निपथ वायु भर्ती योजना और वायु सेना में करियर बनाने के अवसरों की जानकारी देगी।

प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय कमल चंद्र तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों को भर्ती से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा और देशसेवा का जज्बा है। ऐसे जागरूकता अभियान युवाओं को सेना में करियर बनाने के अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं, भर्ती संबंधी जानकारी प्राप्त करें और अपने भविष्य के लिए अभी से तैयारी शुरू करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को चयन केंद्र की टीम को हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक यह अवसर पहुंच सके।


Share This Post