चंपावत: आंगनबाड़ी बहनों के समर्थन में उतरा उक्रांद, लंबित मांगों को लेकर प्रशासन पर बनाया दबाव।

Share This Post

मानदेय से लेकर मोबाइल रिचार्ज तक 9 मांगों पर गरजी उक्रांद टीम, आंदोलन की दी चेतावनी।

चंपावत। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने जोरदार आवाज बुलंद की। जिला अध्यक्ष दीपेश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष मीना बोहरा के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए उक्रांद जिला अध्यक्ष दीपेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षों से सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम कर रही हैं, लेकिन बदले में उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने साफ कहा कि उक्रांद अपनी “आंगनबाड़ी बहनों” के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा और यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष मीना बोहरा ने बताया कि जनवरी से अप्रैल तक का मानदेय अभी तक नहीं मिला है, जिससे कार्यकर्ताओं को आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। इसके अलावा गैस रिफिल की व्यवस्था न होना, पीएमएमवीवाई योजना की प्रोत्साहन राशि में देरी और सेनेटरी पैड बिक्री जैसे अतिरिक्त कार्यों का दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
उक्रांद नेताओं ने कहा कि सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि ये महिलाएं जमीनी स्तर पर महिला एवं बाल विकास योजनाओं की रीढ़ हैं। इस दौरान कोषाध्यक्ष गजेन्द्र बोहरा, महामंत्री विपिन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश जोशी, ब्लॉक उपाध्यक्ष पीयूष तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



फोटो – जिलाधिकारी कार्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते उक्रांद पदाधिकारी और कार्यकर्ता।


Share This Post