

चंपावत। राजकीय महाविद्यालय चंपावत में छात्रसंघ चुनाव को लेकर एबीवीपी के भीतर टिकट वितरण पर विरोध सामने आया है। अध्यक्ष पद पर सागर मौनी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रदर्शन किया। शांत बाजार से शुरू हुआ प्रदर्शन जीआईसी चौक और गोरलचौड़ होते हुए महाविद्यालय परिसर पहुंचा।
कार्यकर्ताओं ने भानू तड़ागी को टिकट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि भानू पिछले दो वर्षों से एबीवीपी के बैनर तले छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। टिकट नहीं मिलने के बाद भानू तड़ागी ने अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।प्रदर्शनकारियों ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव में विद्यार्थियों के बीच सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष महर ने भी टिकट वितरण के फैसले पर असहमति जताई और भानू के समर्थन में मतदान की अपील की।
वहीं, वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष विकास चौधरी ने एबीवीपी से इस्तीफा देने की बात कही है। टिकट वितरण को लेकर विरोध और भानू के निर्दलीय मैदान में उतरने के बाद छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। 29 सितंबर को होने वाले मतदान में अब इस घटनाक्रम का असर किस रूप में दिखाई देता है, इस पर सभी की नजर है।
फोटो_ भानू तड़ागी के समर्थन में प्रदर्शन कर रैली निकालते समर्थक ।




