

बालेश्वर वार्ड में 10 नाली भूमि पर होगा निर्माण, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडे समेत सभासदों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार।
चंपावत। चंपावत नगर के बच्चों को खेलकूद और मनोरंजन के लिए बेहतर सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत बालेश्वर वार्ड में 1.22 करोड़ रुपये की लागत से चिल्ड्रन पार्क का निर्माण किया जाएगा। करीब 10 नाली भूमि पर बनने वाला यह पार्क नगर में बच्चों के लिए मनोरंजन का नया केंद्र बनने के साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण में भी अहम भूमिका निभाएगा।
प्रस्तावित पार्क में बच्चों के खेलने-कूदने के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे बच्चों को सुरक्षित वातावरण में समय बिताने और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। पार्क नगरवासियों के लिए भी सैर-सपाटे और मेलजोल का बेहतर सार्वजनिक स्थल बनेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने चिल्ड्रन पार्क की सौगात देने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्क का निर्माण नगर के बच्चों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे बच्चों को खेलकूद के लिए बेहतर स्थान मिलेगा और नगरवासियों को एक सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडे और नगर पालिका परिषद के समस्त सभासदों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि चिल्ड्रन पार्क से नगर के विकास और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा।




