चंपावत: गुरु पूर्णिमा पर आस्था का महासंगम- बाराही धाम, मानेश्वर धाम और गुरु गोरखनाथ मठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।

Share This Post

रुद्राभिषेक, हवन, गुरु पूजन, भजन-कीर्तन और भंडारों के बीच गूंजा गुरु महिमा का संदेश; मुख्यमंत्री का संदेश भी मानेश्वर धाम पहुंचा।

चंपावत। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद चंपावत के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। देवीधुरा स्थित श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय, मानेश्वर धाम तथा प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ मठ में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, गुरु पूजन, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारों का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

देवीधुरा स्थित श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप मनाया गया। वेदाचार्य आचार्य संदीप पांडे के नेतृत्व में भगवान शिव का रुद्राभिषेक, हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य हरिश्चंद्र पांडे, आचार्य गोपाल पंतोला, दीपांशु रूबाली, पंकज जोशी, मोहित बलियानी, मनन पांडे सहित सभी विद्यार्थियों ने सहभागिता कर विश्व शांति और लोककल्याण की प्रार्थना की। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि दिल्ली निवासी एवं पिछले लगभग 40 वर्षों से एबट माउंट में रह रहे समाजसेवी राजी शर्मा के सहयोग से यहां वेदाचार्य की नियुक्ति की गई है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिदिन वैदिक अनुष्ठानों के माध्यम से विद्यार्थियों को सनातन संस्कृति, वैदिक शिक्षा और श्रेष्ठ संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।

मानेश्वर धाम में पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज के सान्निध्य में सामूहिक गुरु पूजन, गुरु महिमा पर आधारित भजन-कीर्तन तथा विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश भी धाम पहुंचा, जिसमें उन्होंने संत समाज के सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं समाज निर्माण में योगदान को अतुलनीय बताते हुए धर्मराज पुरी महाराज के शिक्षा एवं संस्कार आधारित कार्यों की सराहना की। जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने धाम पहुंचकर मुख्यमंत्री का संदेश पीठाधीश्वर को सौंपा।

वहीं, प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ मठ में योगी रामनाथ महाराज के निर्देशन में गुरु पूर्णिमा का पर्व पूरे धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मठ में पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने नाथ संप्रदाय की गुरु परंपरा का स्मरण करते हुए गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे दिन भक्ति, श्रद्धा और गुरु महिमा से ओतप्रोत वातावरण बना रहा।

फोटो_देवीधुरा स्थित श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रुद्राभिषेक एवं हवन-यज्ञ संपन्न कराते आचार्य एवं वैदिक अनुष्ठान में सहभागी विद्यार्थी।


Share This Post