306 ग्राम हेरोइन के साथ पुलिस-एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की जांच तेज।
टनकपुर/चंपावत। चंपावत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टनकपुर क्षेत्र से 306 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के निवासी हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टनकपुर के सैलानीगोठ कालाझाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 306 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यूपी-26 AY-5188 नंबर की काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हेरोइन की सप्लाई चेन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एसपी रेखा यादव ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र डंगवाल, ललित चौधरी, उमेश राज, सूरज कुमार एवं रेखा भट्ट शामिल रहे।
फोटो_ पत्रकार वार्ता के दौरान बरामद 306 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपियों एवं कार्रवाई करने वाली चंपावत पुलिस-एसओजी टीम के साथ।
चंपावत: टनकपुर में एक करोड़ की हेरोइन बरामद, पीलीभीत के दो तस्कर गिरफ्तार।
