रुड़की: UTU पेपर लीक पर सड़कों पर उतरा सुराज सेवा दल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग!

Share This Post

जॉइंट मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।

रुड़की। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) के पेपर लीक मामले को लेकर सुराज सेवा दल ने जॉइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।

सुराज सेवा दल के नेता एवं ग्राम प्रधान शिकारपुर नौशाद अली ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर जनता में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कड़े कानूनों और पारदर्शिता के दावों के बावजूद UTU जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा से जुड़ा पेपर लीक का मामला सामने आना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
प्रधान खलील अहमद, हाजी इसरार चेयरमैन और अलीम प्रधान टांडा भनेड़ा ने कहा कि बेरोजगार युवा और छात्र-छात्राएं पहले से ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में परीक्षा से जुड़े पेपर लीक के मामलों ने उनकी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को देखते हुए शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्र और युवा अपने अधिकारों तथा भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और संगठन की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो आंदोलन को प्रदेशभर में व्यापक रूप दिया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

फोटो_UTU पेपर लीक मामले को लेकर जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते सुराज सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।


Share This Post