देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान पर रहेगा विशेष फोकस- डीएम मनीष कुमार
चंपावत। विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में आगामी 29 से 31 मई तक आयोजित होने वाले वार्षिक जोड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि रीठा साहिब केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश-विदेश की सिख संगत की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु चम्पावत जिले की छवि अपने साथ लेकर जाते हैं, इसलिए उनका स्वागत “मेहमान” की तरह किया जाए और हर स्तर पर सम्मान व सुविधाएं सुनिश्चित हों। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालु यहां से मधुर स्मृतियां लेकर जाएं और आगे चलकर इस मेले के “ब्रांड एंबेसडर” बनें।
सिख संगत की ओर से इस वर्ष जोड़ मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों कराने की मांग भी उठाई गई। दिल्ली से पहुंचे कार सेवा प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन और स्थानीय रोजगार दोनों को नई गति मिल रही है।
बैठक में मेले के दौरान सड़क, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सुखीढांग से रीठा साहिब तक सड़क को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के साथ देवीधुरा और लोहाघाट मार्गों को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बारिश के दौरान मार्ग बाधित न हों, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात रखने को कहा गया।
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मार्गों पर आकर्षक तोरणद्वार और स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। वहीं विभिन्न संतों और संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले लंगरों हेतु सामग्री लाने वाले वाहनों को विशेष अनुमति देने और अतिरिक्त रोडवेज बसें संचालित करने की बात भी सामने आई।
भीड़ नियंत्रण के लिए अनुभवी पुलिसकर्मियों, फायर सर्विस और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत और पेयजल विभागों ने मेले के दौरान निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। खास बात यह रही कि इस बार भी गुरुद्वारे के लंगर में पिरुल से बने ब्रिकेट्स का उपयोग किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में सिख संगत ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित नियमित हेली सेवा को जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि विदेशों में रहने वाली संगत गुरु घर के चमत्कार को देखने के लिए उत्सुक रहती है और हेली सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्थायी हेलीपैड सहित अन्य सुविधाओं के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं और समिति की भावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।
बैठक में एसडीएम नीतीश डांगर, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, बाबा श्याम सिंह, अजित पाल सिंह, मलकित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो – जोड़ मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी।
चंपावत: रीठा साहिब जोड़ मेले को भव्य बनाने में जुटा प्रशासन, सीएम से उद्घाटन की मांग।

