चंपावत: गोलज्यू महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, रात होते ही रोशनी और रौनक से जगमगा उठा गोरलचौड़ मैदान

Share This Post

चंपावत। कुमाऊं की सांस्कृतिक पहचान बन चुका गोलज्यू महोत्सव अब पूरी तरह रंग में आ गया है। ऐतिहासिक गोरलचौड़ मैदान में आयोजित महोत्सव में हर दिन हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शाम ढलते ही पूरा मैदान रंग-बिरंगी रोशनी, झूलों की आवाज, दुकानों की चमक और लोगों की चहल-पहल से जीवंत नजर आ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोग मेले का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
महोत्सव में खरीदारी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से पहुंचे व्यापारियों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। सजावटी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, ऊनी कपड़े, खिलौने, कृत्रिम आभूषण और विभिन्न प्रकार के आकर्षक आइटम खरीदने के लिए लोगों की भीड़ स्टॉलों पर उमड़ रही है। खासकर महिलाओं और युवाओं में खरीदारी को लेकर अलग ही उत्साह दिखाई दे रहा है।
मेले में बच्चों के लिए लगाए गए बड़े-बड़े झूले, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस, मिकी माउस झूला और अन्य मनोरंजन के साधन आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं। झूलों के आसपास बच्चों और युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वहीं खानपान के स्टॉलों पर भी लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। चाट, मोमोज, फास्ट फूड और स्थानीय व्यंजनों का लोग जमकर स्वाद ले रहे हैं।
गोलज्यू महोत्सव केवल व्यापार और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मेलजोल का भी बड़ा मंच बन चुका है। मेले में पहुंच रहे लोग परिवार और मित्रों के साथ यादगार पल बिताते नजर आ रहे हैं। पूरे मैदान में उत्साह, उल्लास और पर्व जैसा माहौल बना हुआ है।
नगर पालिका परिषद चंपावत की ओर से मेले में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और व्यापारियों को भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मेले को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पालिका की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हुई हैं।
गोलज्यू महोत्सव ने एक बार फिर चंपावत की सांस्कृतिक जीवंतता, व्यापारिक गतिविधियों और लोगों के उत्साह को नई ऊंचाई दी है। आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना को देखते हुए पूरा शहर उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।


Share This Post