650वीं जयंती पर चम्पावत में कार्यशाला, सामाजिक समानता और सद्भाव को मजबूत करने का लिया संकल्प।
चंपावत। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। इसके तहत गांव-गांव, घर-घर और धार्मिक स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज को एकता और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
भाजपा जिला कार्यालय चम्पावत में जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में समरसता संकल्प अभियान की रूपरेखा तय की गई। प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा गुरु रविदास महाराज के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना, दीपदान और सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजनों के माध्यम से लोगों को एकता और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। साथ ही छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण कर सामाजिक समरसता को मजबूत किया जाएगा।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। संदेश में गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजू गढ़कोटी ने किया।
इस दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में टनकपुर, चंपावत और लोहाघाट नगर पालिकाओं तथा बनबसा नगर पंचायत के मनोनीत सभासदों, विभिन्न समितियों के नवनियुक्त पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, सुभाष बगौली, जिला सह प्रभारी हिमांशु बिष्ट, निर्मल मेहरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संयोजक राजू बिष्ट ने किया।
फोटो_आयोजित कार्यक्रम में समरसता संकल्प अभियान की कार्यशाला के दौरान मनोनीत सभासदों, नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते भाजपा पदाधिकारी।
चंपावत: गुरु रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा।
